अंबाला छावनी से चण्डीगढ़ के बीच एक नई यात्री रेलगाड़ी चलाने के लिए व्यवहार्यता जांच
चण्डीगढ़, 21 अगस्त - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी से चण्डीगढ़ के बीच एक नई यात्री रेलगाड़ी चलाने के लिए व्यवहार्यता जांच (Feasibility Check) कराई जाएगी।
श्री विज ने बताया कि गत माह उन्होंने केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अंबाला छावनी से चण्डीगढ़ के बीच एक पैसेंजर रेलगाड़ी चलाने का आग्रह किया था। इस पर केन्द्रीय रेल मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए सूचित किया है कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए अंबाला छावनी-चण्डीगढ़ मार्ग पर नई यात्री गाड़ी के संचालन हेतु ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अंबाला छावनी से चण्डीगढ़ मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी वर्ग, विद्यार्थी, व्यापारी एवं श्रमिक आना-जाना करते हैं। ...








